त्योहार की खरीदारी के बाद घर लौट रहे भाई-बहनों की दर्दनाक मौत, स्कॉर्पियो की टक्कर में 4 ने गंवाई जान


राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। छुरिया थाना क्षेत्र के शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर बाइक और स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत में तीन सगे भाई-बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

त्योहार की खरीदारी कर लौट रहे थे भाई-बहन

गहिराभेड़ी गांव निवासी संदीप साहू अपनी दोनों शादीशुदा बहनों भारती साहू और टिकेश्वरी साहू के साथ छुरिया बाजार गए थे। दोनों बहनें त्योहार मनाने मायके आई थीं। खरीदारी पूरी करने के बाद तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे नहर के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़े परखच्चे



प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कॉर्पियो सड़क किनारे खेत में पलट गई। संदीप और भारती ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टिकेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान तीसरी बहन की भी मौत

राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल टिकेश्वरी को छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम

हादसे में स्कॉर्पियो में सवार लोगों को भी चोटें आईं। इनमें भोलापुर निवासी 65 वर्षीय कमल बंजारे की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से गहिराभेड़ी गांव में गम का माहौल है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। पुलिस के अनुसार शुरुआती तौर पर हादसे की वजह अंधेरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ