रायपुर में आग का तांडव: भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में लगी भीषण आग, रातभर मौके पर डटे रहे कलेक्टर समेत अधिकारी


रायपुर।

राजधानी रायपुर के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। पॉलीमर और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग की लपटें इतनी विकराल और तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई। इस भयावह आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को पूरी रात कड़ा संघर्ष और मशक्कत करनी पड़ी।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, सुबह तक डटे रहे आला अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, डीआईजी होम गार्ड एवं एसडीआरएफ तथा निदेशक अग्निशमन सेवाएं अजातशत्रु बहादुर सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप जिला प्रशासन व फायर ब्रिगेड की टीमों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और युद्ध स्तर पर आग बुझाने का अभियान शुरू कराया।



अभियान को गति देने के लिए अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर तैनात रहे। आला अधिकारियों के सीधे मार्गदर्शन में दमकल की टीमों ने चारों तरफ से पानी और फोम की बौछार कर आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोका।

आग बुझने के बाद ही मौके से लौटा अमला

भीषण आग की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित सभी वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी रात घटनास्थल पर ही डटे रहे और राहत व बचाव कार्य की पल-पल निगरानी करते रहे। दमकल कर्मियों के लगातार और अथक प्रयासों के बाद सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सभी अधिकारी आग पूरी तरह शांत होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही मौके से लौटे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ