बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में संभावित खराब मौसम को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने रेल यात्रियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
रेलवे की ओर से स्टेशनों पर उद्घोषणा, डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए यात्रियों तक जरूरी जानकारी पहुंचाई जा रही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।
स्टेशन पहुंचने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
संभावित खराब मौसम के कारण सड़क यातायात और रेल परिचालन प्रभावित होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है। स्टेशन पर होने वाली घोषणाओं और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करना भी जरूरी है।
रेलवे ने यात्रियों से रेलवे ट्रैक पार करने से बचने और निर्धारित यात्री क्षेत्रों में ही रहने को कहा है। बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है, इसलिए इन जगहों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मोबाइल और जरूरी सामान साथ रखने की सलाह
यात्रा के दौरान मोबाइल फोन चार्ज रखने के साथ जरूरी दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क की जानकारी अपने पास रखने की सलाह दी गई है। यदि किसी ट्रेन के समय में बदलाव, मार्ग परिवर्तन या निरस्तीकरण की सूचना मिलती है, तो उसकी पुष्टि केवल रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से करें।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक जोखिम न लें और यात्रा से जुड़ी जानकारी लगातार लेते रहें। रेलवे प्रशासन का कहना है कि सतर्कता और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करके यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।

0 टिप्पणियाँ