DA Hike News: छत्तीसगढ़ में DA बढ़ा, लेकिन 86 महीने के एरियर्स ने बढ़ाई कर्मचारियों की चिंता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में महंगाई भत्ते यानी DA के लंबित एरियर्स को लेकर एक बार फिर कर्मचारी संगठनों ने आवाज बुलंद की है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रदेश के शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारियों को देय तिथि से महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाए। संगठन के अनुसार, करीब पौने चार लाख कर्मचारी इस लंबित भुगतान से प्रभावित हैं।
9 साल में 86 महीने का एरियर्स लंबित होने का दावा
टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि जनवरी 2017 से जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग चरणों में महंगाई भत्ते का भुगतान देय तिथि से नहीं किया गया। संगठन ने दावा किया है कि कुल 86 महीने का DA एरियर्स लंबित है। इसमें कोरोना संक्रमण काल के दौरान रोका गया महंगाई भत्ता भी शामिल है।
एसोसिएशन के मुताबिक, DA समय पर नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन का अनुमान है कि कर्मचारी के स्तर के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी को करीब 3 से 6 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।
कोरोना काल का DA भी शामिल
संगठन ने बताया कि जुलाई 2020 से जनवरी 2021 के बीच कोरोना काल में महंगाई भत्ते को फ्रीज किया गया था। इसके अलावा 2017, 2018, 2019, 2021, 2023, 2024, 2025 और 2026 में अलग-अलग अवधि का DA एरियर्स लंबित बताया गया है।
सरकार से देय तिथि से भुगतान की मांग
टीचर्स एसोसिएशन ने कहा है कि केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य कर्मचारियों को भी महंगाई भत्ते का लाभ समय पर मिलना चाहिए। संगठन ने सरकार से लंबित 86 महीने के DA एरियर्स का भुगतान करने की मांग की है। अब कर्मचारियों की नजर सरकार के अगले निर्णय पर है।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ