रायपुर।
महादेव ऑनलाइन सट्टा कांड की जांच में जुटी एजेंसियों के हाथ एक और बड़ी कामयाबी लगी है। इस अवैध कारोबार के प्रमुख संचालकों में शामिल रवि उप्पल को दुबई पुलिस ने पकड़ लिया है। यह गिरफ्तारी उसके साथी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के कुछ ही दिन बाद हुई है। जानकारी के मुताबिक, 46 साल के उप्पल को इंटरपोल की ओर से जारी रेड नोटिस पर कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया गया। अब केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय उसे स्वदेश लाने के लिए कागजी प्रक्रिया को अंतिम रूप दे रहे हैं।
वहीं तीन दिन पहले सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर सीबीआई ने रायपुर लाया था। जिसे अब 8 दिन की रिमांड पर सीबीआई वापस दिल्ली ले गई है।
यूएई से औपचारिक पत्र का इंतजार
जांच एजेंसियों से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि दुबई प्रशासन की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई लिखित जानकारी नहीं भेजी गई है। खबर अनौपचारिक माध्यमों से पहुंची है। इसके बाद भी एजेंसियां प्रत्यर्पण की तैयारी में जुट गई हैं।
भिलाई से दुबई तक का सफर
उप्पल मूल रूप से भिलाई का रहने वाला है। आरोप है कि उसने और चंद्राकर ने प्रशांत महासागर के द्वीपीय देश वानुअतु का पासपोर्ट हासिल कर लिया था। जांच में सामने आया है कि उप्पल हवाला के जरिए बड़ी रकम के लेन-देन का हिसाब रखता था और छत्तीसगढ़ में रसूखदार लोगों से तालमेल बैठाने का काम भी उसी के जिम्मे था।
इससे पहले अक्टूबर 2023 में उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी हुआ था। इसके बाद दिसंबर 2023 में दुबई में उसे पकड़ा गया था, मगर करीब डेढ़ महीने में ही वह छूट गया था। बाद में ईडी ने इस साल जनवरी में इंटरपोल के सामने उसकी याचिका का विरोध किया, जिससे नोटिस बना रहा।
94 हजार रुपए करोड़ का नेटवर्क
जांच एजेंसी का आकलन है कि महादेव नेटवर्क और उससे जुड़े प्लेटफॉर्म्स का कुल कारोबार 88 हजार करोड़ से 94 हजार करोड़ रुपये के बीच हो सकता है। इस केस में अब तक 6 आरोप पत्रों में 116 लोगों को नामजद किया जा चुका है।


0 टिप्पणियाँ