कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की कुसमुंडा खदान में भारी वाहन से जुड़ी एक और दुर्घटना सामने आई है। मिट्टी खाली करने के दौरान करीब 100 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। हादसे के समय ऑपरेटर ने खतरे को भांपते हुए वाहन से छलांग लगा दी। हालांकि, इस दौरान वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार तड़के बरपाली-खोडरी फेस की है। दीपका के सुभाष नगर निवासी डंपर ऑपरेटर सतीश कुमार सुबह करीब चार बजे डंपर से मिट्टी डंप करने का काम कर रहा था। इसी दौरान वाहन पीछे की ओर खिसकने लगा। इससे पहले कि ऑपरेटर स्थिति को संभाल पाता, डंपर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा।
खतरा बढ़ता देख ऑपरेटर ने अपनी जान बचाने के लिए वाहन से छलांग लगा दी। इस दौरान उसे चोटें आईं। घटना के बाद घायल को कोसाबाड़ी स्थित एनकेएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डंपर के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
कुछ दिन पहले भी हुई थी दुर्घटना
कुसमुंडा खदान में यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ा रही है, क्योंकि केएनआर कंपनी में इससे पहले रविवार को भी डंपर से जुड़ी दुर्घटना हुई थी। उस घटना में एक बाइक डंपर के नीचे आ गई थी।
कुछ ही दिनों के अंतराल में दो घटनाएं सामने आने के बाद खदान में भारी वाहनों के संचालन और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी
खदानों में भारी मशीनों और डंपरों के बीच काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में डंपिंग स्थल की स्थिति, वाहनों के संचालन और सुरक्षा नियमों की जांच आवश्यक मानी जा रही है। फिलहाल ताजा हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि डंपर किन परिस्थितियों में पीछे खिसका और दुर्घटना से बचाव के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ