रायपुर। रेलवे में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अब ट्रेनों की साफ-सफाई व्यवस्था को तकनीक से जोड़ा जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ‘बेटर ऑन-बोर्ड सर्विसेज’ पहल के तहत चुनिंदा ट्रेनों में आधुनिक हाउसकीपिंग व्यवस्था शुरू की गई है। इसके अंतर्गत सफाई कार्यों की निगरानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से की जाएगी। साथ ही, सफाई के प्रमाणों के सत्यापन के बाद ही संबंधित एजेंसी को भुगतान किया जाएगा।
रेल मंत्रालय के ‘52 सप्ताह, 52 सुधार’ कार्यक्रम के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को पूरी यात्रा के दौरान स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। प्रारंभिक चरण में बिलासपुर और रायपुर मंडल की तीन ट्रेनों को इसके लिए चुना गया है।
इन तीन ट्रेनों में होगी नई व्यवस्था
नई ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग व्यवस्था के पहले चरण में निम्नलिखित ट्रेनों को शामिल किया गया है।
- छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237-18238): बिलासपुर कोचिंग डिपो, बिलासपुर मंडल।
- हमसफर एक्सप्रेस (20847-20848): दुर्ग कोचिंग डिपो, रायपुर मंडल।
- सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12549-12550): दुर्ग कोचिंग डिपो, रायपुर मंडल।
हर घंटे होगी टॉयलेट की सफाई
नई व्यवस्था में शौचालयों की सफाई के लिए समय निर्धारित किया गया है। सुबह 6 से 9 बजे तक और रात 8 से 10 बजे तक प्रत्येक घंटे सफाई करना अनिवार्य होगा। अन्य समय में शौचालयों की सफाई हर दो घंटे के अंतराल पर की जाएगी। इसके अलावा यात्री डिब्बों, प्रवेश द्वारों और कूड़ेदानों की भी नियमित सफाई होगी।
रेलवे की इस पहल में सामान्य श्रेणी के डिब्बों को भी विशेष महत्व दिया गया है। अब अनारक्षित कोचों को भी एसी और स्लीपर श्रेणी के डिब्बों की तरह सफाई कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसके लिए सफाईकर्मी निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव के दौरान और कोचों के बीच बने वेस्टिब्यूल के रास्ते सामान्य श्रेणी के डिब्बों तक पहुंचेंगे।
फोटो से होगी सफाई की पुष्टि
इस व्यवस्था की खास बात यह है कि सफाई कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगा। कर्मचारियों को विशेष मोबाइल ऐप के माध्यम से सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें अपलोड करनी होंगी। तस्वीरों में जियो-टैगिंग और समय का रिकॉर्ड भी दर्ज रहेगा।
इन तस्वीरों की जांच एआई आधारित केंद्रीय नियंत्रण केंद्र यानी वार रूम में की जाएगी। निर्धारित मानकों के अनुसार सफाई कार्य पूरा होने की पुष्टि के बाद ही संबंधित ठेकेदार के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इससे कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने और लापरवाही पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
एक एजेंसी के जिम्मे होगी पूरी सेवा
नई नीति के तहत लिनेन का वितरण और संग्रह, कोचों की साफ-सफाई तथा यात्रा के दौरान हाउसकीपिंग जैसी सेवाओं का प्रबंधन एक ही पेशेवर एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। एजेंसी की जिम्मेदारी ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से लेकर गंतव्य स्टेशन तक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने की होगी।
सफाईकर्मी छोटी तकनीकी समस्याएं भी सुलझाएंगे
यात्रियों को होने वाली असुविधा कम करने के लिए सफाई कर्मचारियों को कुछ सामान्य विद्युत और प्लंबिंग संबंधी समस्याओं के समाधान का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसमें लाइट, पंखे, दरवाजों की कुंडी और पानी की उपलब्धता से जुड़ी छोटी समस्याएं शामिल हैं।
ट्रैक पर कचरा फैलने से रोकने की तैयारी
ट्रेनों में जमा होने वाले कचरे को मजबूत और सीलबंद बैगों में रखा जाएगा। इसके बाद निर्धारित सीएमएम-पंजीकृत स्टेशनों पर उसे उतारकर व्यवस्थित तरीके से निपटान की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे का यह कदम पटरियों पर कचरा फेंके जाने और स्टेशन परिसरों में गंदगी फैलने की समस्या को कम करने में सहायक होगा।
नई व्यवस्था के जरिए रेलवे का जोर केवल सफाई कराने पर नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता की निगरानी और जवाबदेही तय करने पर भी है। शुरुआती चरण में शामिल ट्रेनों में इसके क्रियान्वयन से ऑन-बोर्ड स्वच्छता सेवाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ