त्रिपुजी दिल्ली कंपनी ठग रही श्रद्धालुओं को, मामला पहुंचा कोतवाली थाना

त्रिपुजी दिल्ली कंपनी ठग रही श्रद्धालुओं को, मामला पहुंचा कोतवाली थाना


उत्तरकाशी। दिल्ली की ट्रैवल कंपनी त्रिपुजी द्वारा चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को ठगने का मामला सामने आया है। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस, डायल 112 बुलानी पड़ी और सभी को कोतवाली थाने ले जाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से 72 लोगों का सामाजिक दल चारधाम यात्रा पर पहुंचा था। रहने, खाने से लेकर ट्रैवलिंग का पूरा पैकेज दिल्ली की त्रिपुजी कंपनी को दिया गया था। नियम के अनुसार श्रद्धालु कंपनी को तय समय पर पेमेंट भी कर रहे थे, लेकिन कंपनी ने ड्राइवरों को पैसा नहीं दिया। इसी कारण उत्तरकाशी में ड्राइवर ने गाड़ी आगे ले जाने से इनकार कर दिया। करीब 3 घंटे तक इंतजार करने के बाद श्रद्धालुओं ने डायल 112 को कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला न सुलझता देख सभी को कोतवाली थाना ले गई।

70 प्रतिशत के नियम के बाद भी पूरा पेमेंट मांगने पर अड़े



नियमानुसार टूर के दौरान 70 प्रतिशत पेमेंट करना था और बाकी 30 प्रतिशत टूर पूरा होने के बाद देना तय था। लेकिन कंपनी के कर्मचारियों प्रशांत सिंह, अवनीश और अक्षय सिंह ने पूरा पेमेंट पहले ही करने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया और गाड़ी आगे ले जाने से मना कर दिया। जिसके बाद सभी लोग थाना पहुँचे यहां ल, पुलिस नें दोनों पक्ष को सामने बुलाकर मामला सुलझाया और कम्पनी के लोगों को कहा की टूर होने के बाद ही नियमानुसार पैसा दिया जाएगा। इसके बाद गाड़ी आगे निकली। 

खाने के नाम पर भी ठगी



टीम लीडर किशोर शर्मा ने बताया कि पैकेज में चाय, कॉफी, दूध, नाश्ता और खाने की व्यवस्था शामिल थी, लेकिन मौके पर न दूध मिल रहा है, न कॉफी। खाने की क्वालिटी इतनी खराब है कि श्रद्धालुओं को बाहर होटलों में खाना पड़ रहा है। थाली में वह कुछ भी नहीं परोसा जा रहा जो पहले तय हुआ था। इसको लेकर दिल्ली की टीम करण सिंह, राजेश पांडेय, ऋषभ शर्मा से पूरी बात हुई थी।

मंत्रालय से लेकर एसपी तक फोन

मामले की शिकायत महाराष्ट्र मंत्रालय तक की गई, वहां से कोतवाली थाने में फोन किया गया। दिल्ली के नेताओं और अधिकारियों को भी सूचना दी गई। उत्तरकाशी एसपी को भी फोन पर जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने एसआई बिष्ट को तुरंत मामला निपटाने के निर्देश दिए।

कोतवाली के आरक्षक ने बताया कि यह कंपनी पहले भी इस तरह के मामलों में थाना बुलाई जा चुकी है। पिछली बार नासिक की टीम के साथ भी ऐसा ही हुआ था, तब मारपीट तक हुई थी। बार-बार थाना लाने के बाद भी कंपनी पर लगाम नहीं लग रही, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ