गणेश विसर्जन के दौरान सिमगा में बवाल, पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरे लोग

 गणेश विसर्जन के बाद सिमगा में बवाल, पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरे लोग

सिमगा। बलौदाबाजार जिले के सिमगा में गणेश विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद कई घंटों तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सिमगा चौक पर धरने पर बैठ गए। करीब 9 से 10 घंटे चले प्रदर्शन को अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया।

10 घंटे चली विसर्जन यात्रा, चौक पर रुकी झांकी

जानकारी के मुताबिक गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा को घाट तक पहुंचने में करीब 10 घंटे लगे। सिमगा चौक पर एक झांकी लगभग 2 से 3 घंटे तक रुकी रही। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और पीछे आ रही अन्य गणेश समितियों को आगे बढ़ने में परेशानी हुई।

पुलिस कार्रवाई को लेकर आमने-सामने दावे

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि रास्ता खाली कराने के दौरान पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया और लोगों के साथ मारपीट की। उनका दावा है कि इस दौरान तीन पार्षदों के साथ भी मारपीट हुई। पीड़ित पक्ष ने SDOP तारेश साहू और थाना प्रभारी धीरेंद्र दुबे पर भी आरोप लगाए हैं।

थाना प्रभारी ने आरोपों से किया इनकार

वहीं थाना प्रभारी धीरेंद्र दुबे ने लाठीचार्ज और मारपीट के आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि गणेश समितियों के बीच आगे निकलने की होड़ के चलते रास्ता बाधित हुआ था। पुलिस ने केवल भीड़ हटाकर मार्ग खाली कराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पूरी घटना की स्थिति CCTV फुटेज से स्पष्ट हो सकती है।

चक्काजाम और बंद का असर

विरोध के दौरान सिमगा चौक पर चक्काजाम किया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। इसके बाद सिमगा बंद का आह्वान किया गया और कई दुकानें बंद रहीं। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग रखी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ