CG News: 30 सितंबर तक बैंक बंद! बढ़ी परेशानी, बोर्ड परीक्षा शुल्क की तारीख बढ़ाने की मांग
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा और कक्षा 9वीं के नामांकन शुल्क जमा करने को लेकर छात्रों और स्कूलों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 तय की है, लेकिन इससे पहले लगातार कई दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण स्कूलों को शुल्क जमा करने में दिक्कत आने की आशंका है।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने इसी समस्या को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल से शुल्क भुगतान की अंतिम तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा का कहना है कि 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार होने के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में कई स्कूलों के लिए तय समय सीमा के भीतर शुल्क जमा करना व्यावहारिक रूप से मुश्किल हो सकता है।
26 से 30 सितंबर तक बैंकिंग व्यवस्था प्रभावित
एसोसिएशन के मुताबिक, 26 और 27 सितंबर को बैंक अवकाश रहेगा, जबकि 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की बात कही गई है। ऐसे में स्कूलों द्वारा छात्रों से एकत्र किया गया शुल्क समय पर संबंधित प्रक्रिया के तहत जमा कराने में परेशानी हो सकती है।
छात्रों के परिवारों की आर्थिक स्थिति का भी हवाला
शिक्षक संगठन ने इस वर्ष बारिश और फसलों को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया है। संगठन का कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के परिवार कृषि पर निर्भर हैं। अधिक बारिश के कारण कई किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में परीक्षा और नामांकन शुल्क की व्यवस्था करना भी कई परिवारों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
माशिमं से समयसीमा बढ़ाने की मांग
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष और सचिव से मांग की है कि बैंक बंद रहने की स्थिति को देखते हुए बोर्ड परीक्षा शुल्क और कक्षा 9वीं के नामांकन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाई जाए।
संगठन का कहना है कि समयसीमा बढ़ने से स्कूलों को शुल्क जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा और छात्रों व अभिभावकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
फिलहाल 30 सितंबर 2026 शुल्क जमा करने की निर्धारित अंतिम तारीख है। तारीख बढ़ाने को लेकर अंतिम निर्णय माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से लिया जाना है।

0 टिप्पणियाँ