रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी और स्मार्ट सिटी रायपुर में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था का एक नया चेहरा सामने आया है, जो हाई-टेक होने के दावों के बीच सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। शहर के अधिकांश प्रमुख चौक-चौराहों से ट्रैफिक सिग्नलों का सेकंड काउंटडाउन (टाइमर) गायब हो चुका है। वाहन चालकों को यह अंदाजा ही नहीं मिल पा रहा है कि सिग्नल कब लाल से हरा या हरे से लाल होने वाला है। इस 'डार्क पैटर्न' के कारण शहर में रफ्तार का गलत अनुमान लगाने और अचानक ब्रेक मारने की वजह से आए दिन गाड़ियां आपस में टकरा रही हैं।
अधिकारियों का तर्क: कैमरा तय करता है टाइमिंग
इस अव्यवस्था पर जब ट्रैफिक अधिकारियों से बात की गई, तो उनका कहना है कि शहर का ट्रैफिक सिस्टम अब 'व्हीकल एक्चुएटेड कंट्रोल मोड' (Vehicle Actuated Control Mode) पर काम कर रहा है। इसके तहत सिग्नलों पर लगे कैमरे चौराहों पर गाड़ियों की संख्या का लाइव विश्लेषण (Analysis) करते हैं और उसी आधार पर ट्रैफिक का टाइम मैनेजमेंट खुद तय होता है। इसी ऑटोमैटिक सिस्टम के कारण सेकंड का टाइमर स्क्रीन पर दिखाई नहीं देता।
'डार्क पैटर्न' से जनता बेहाल: ये 3 बड़ी मुसीबतें आ रही हैं सामने
1. अंदाजे के भरोसे दौड़ रहे वाहन, दुर्घटनाओं की आशंका
सिग्नल पर हरी बत्ती के अंतिम क्षणों में टाइमर न होने से चालकों को स्पष्ट संकेत नहीं मिलता कि वे आगे बढ़ें या रुकें। कई बार रफ्तार बढ़ाने के चक्कर में या पीछे से आने वाले वाहनों द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
2. बार-बार रुकने-शुरू करने से ईंधन की भारी बर्बादी
किसी सिग्नल पर 15 सेकंड, कहीं 30 सेकंड तो कहीं 1 मिनट से ज्यादा समय तक ट्रैफिक रुका रहता है। टाइमर न होने से चालक यह फैसला नहीं ले पाते कि गाड़ी का इंजन बंद करना है या चालू रखना है। बार-बार रुकने और अचानक गति पकड़ने से वाहनों में ईंधन की भारी बर्बादी हो रही है।
3. लेफ्ट और राइट का कंफ्यूजन (चकमा दे रहे सिग्नल)
शहर के अलग-अलग चौराहों पर ट्रैफिक खुलने का कोई एक तय नियम नहीं दिख रहा है, जिससे चालक असमंजस में हैं:
• केस 1 (मरीन ड्राइव - गुरुद्वारा रोड): यहाँ सिग्नल आमतौर पर राइट साइड (दाहिनी ओर) से खुलने के बजाय अचानक लेफ्ट साइड (बाईं ओर) से खुल जाता है। अचानक लेन बदलने के चक्कर में यहाँ गाड़ियां टकरा रही हैं।
• केस 2 (अमलीडीह मार्ग): इस मार्ग पर भी सिग्नल राइट के बजाय लेफ्ट साइड से खुलता है। रोज सफर करने वाले चालक भी यहाँ कंफ्यूज हो रहे हैं और गाड़ियां स्टार्ट करके खड़े रहने को मजबूर हैं।

0 टिप्पणियाँ