रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए किसानों के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की गई है। रायपुर समेत प्रदेशभर में 29 अक्टूबर तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और सरकारी दिशा-निर्देशों (एडवाइजरी) का पालन करने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रायपुर जिले में 26 से 50 प्रतिशत स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को 64 से 115 मिमी और कुछ संवेदनशील इलाकों में 115 से 202 मिमी तक भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
फसल, सब्जी और पशुपालन के लिए कृषि वैज्ञानिकों की 'महा-एडवाइजरी'
भारी बारिश और जलभराव से फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए प्रशासन और विशेषज्ञों ने निम्नलिखित जरूरी बातें साझा की हैं:
• खड़ी फसल की कटाई तुरंत रोकें: धान, दलहन और तिलहन की जो फसलें पक चुकी हैं या पकने की अवस्था में हैं, उनकी कटाई फिलहाल कुछ दिनों के लिए टाल दें।
• कटी हुई उपज का सुरक्षित भंडारण: जिन किसानों ने फसल काट ली है, वे अनाज की गुणवत्ता खराब होने और भीगने से बचाने के लिए उसे तुरंत किसी सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें।
• खेतों से जल निकासी: खेतों में पानी जमा न होने पाए, इसके लिए अतिरिक्त जल की निकासी की तुरंत व्यवस्था करें।
• बुवाई के कार्यों पर रोक: उतेरा फसल के रूप में तिवरा या अलसी की बुवाई करने वाले किसान अभी कुछ दिन रुक जाएं। रबी फसलों की बुवाई के लिए नवंबर के पहले सप्ताह का समय सबसे सही रहेगा।
• सब्जियों की खेती: फूलगोभी, ब्रोकली, चुकंदर, पछेती खीरा और पछेती करेला जैसी फसलों को नवंबर महीने में ही लगाएं।
• कीटनाशकों का छिड़काव: यदि फसलों में कीट या बीमारी के लक्षण दिख रहे हैं, तो अभी छिड़काव न करें। मौसम पूरी तरह साफ होने का इंतजार करें।
• पशुपालन और बागवानी: पशुओं को जलभराव वाले स्थानों से दूर किसी सूखे और सुरक्षित शेड में बांधें। उनके चारे और पीने के साफ पानी की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
रायपुर जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ) के आंकड़े
रायपुर जिले में पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या और खेती के रकबे में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है:
विवरण वर्ष 2025 वर्ष 2026
कुल बीमित किसान 63,400 71,287
ऋणी किसान (लोन धारक) 2,36,002 2,62,512
अ-ऋणी किसान 1,745 3,335
कुल आवेदन/खाते 2,37,747 2,65,847
कुल बीमित क्षेत्र (हेक्टेयर में) 66,056 74,490
एक्सपर्ट टॉक: नुकसान होने पर तुरंत करें बीमा क्लेम
"जल्दी पकने वाली फसलें इस समय पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन किसान भाई अभी इनकी कटाई बिल्कुल न करें। बारिश में भीगने से मिलिंग के समय चावल टूट जाएगा और क्वालिटी भी खराब होगी। मूंग, उड़द और सोयाबीन की फसलों को इस बारिश से सबसे ज्यादा खतरा है। सबसे जरूरी बात यह है कि जिन किसानों ने बीमा कराया है और यदि उनकी फसल को नुकसान पहुंचता है, तो वे बिना कोई देरी किए तुरंत फसल नुकसान का क्लेम दर्ज करें। प्रक्रिया में देरी करने से बचें।"
— डॉ. जीके दास, वरिष्ठ मौसम कृषि वैज्ञानिक

0 टिप्पणियाँ