रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर को देखते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। 27 और 28 अक्टूबर को प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। बाढ़ की स्थिति बनने पर लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत शिविरों से लेकर बचाव दलों तक की व्यवस्था की गई है।
12 जिलों पर विशेष नजर
सरकारी कार्ययोजना के मुताबिक, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद और रायपुर को अति संवेदनशील जिलों में शामिल किया गया है। इन जिलों के 763 बाढ़ प्रभावित गांवों की पहचान की गई है। वहीं, अन्य 21 जिलों के 1,006 संवेदनशील गांवों में भी सतर्कता बरती जा रही है।
779 राहत शिविर, एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था
संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रदेश में 779 राहत शिविर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें करीब एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था होगी। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में प्राथमिकता दी जाएगी। शिविरों में भोजन, पेयजल, बिजली और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने की तैयारी है।
SDRF-NDRF की टीमें रहेंगी मुस्तैद
बचाव कार्यों के लिए SDRF की सात टीमें तैयार हैं। इसके अलावा NDRF की टीमों की तैनाती की भी तैयारी की जा रही है। नगर सेना के 828 जवान और 3,895 आपदा मित्र भी राहत कार्यों में सहयोग करेंगे। जरूरत पड़ने पर बाढ़ में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से निकालने की व्यवस्था भी की गई है।
1070 हेल्पलाइन नंबर जारी
सरकार ने स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य का बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। आपात स्थिति में लोग टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ