राज्योत्सव 2026: सेंध लेक में सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो, गृहमंत्री अमित शाह व केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडवीय होंगे शामिल!

 


रायपुर।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए राजधानी रायपुर में तैयारियां जोरो से चल रही हैं। जानकारी के अनुसार राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, वहीं समापन कार्यक्रम में देश के गृह मंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे। हालांकि इसको लेकर अबतक आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। वहीं 2 नवंबर को उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भव्य 'सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो' का आयोजन किया जा रहा है। हेलीकाप्टर का एयर शो दुनिया का एकलौता है, पहले यह दो देशों में होता था। लेकिन अब सिर्फ भारत में होता है। 6 हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण टीम की 3 हेलीकॉप्टर से करतब दिखाते नजर आएंगे।
वायुसेना के इस जांबाज प्रदर्शन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में तय किए गए मुख्य सुरक्षा और बुनियादी इंतजाम:


कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो जैसे गरिमामयी और महत्वपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाएं। बैठक में निम्नलिखित जरूरी बिंदुओं पर विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई:
• कड़ा सुरक्षा और सुचारु यातायात चक्र: आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और वीआईपी सहित आम दर्शकों के आवागमन के लिए सुगम यातायात व पार्किंग रूट तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस सहायता और ड्रॉप जोन की प्रॉपर लेबलिंग की जाएगी।
• आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं: दर्शकों और अतिथियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर हाई-टेक चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों (Emergency Teams) की तैनाती समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
• बुनियादी ढांचा और मेंटेनेंस: कार्यक्रम स्थल (सेंध लेक क्षेत्र) पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सॉफ्ट ग्राउंड की तैयारी, तकनीकी मेंटेनेंस, अस्थाई कार्यालयीन स्पेस और मोबाइल टॉयलेट्स जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
• अतिथियों का स्वागत और परिवहन: राज्योत्सव और एयर शो में शामिल होने वाले देश-विदेश के अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए परिवहन और बेहतर पार्किंग प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

आकाशगंगा’ टीम आसमान से लगाएगी छलांग

वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में ‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम भी अपने रोमांचकारी करतब दिखाएगी। प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। सारंग के हेलीकॉप्टरों की कलाबाजी और आकाशगंगा टीम का पैराशूट प्रदर्शन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ