Railway News: अब स्टेशन काउंटर से टिकट लेने पर भी मिलेगा ₹10 लाख का ट्रैवल इंश्योरेंस, जेब से कटेंगे सिर्फ 45 पैसे, जाने क्या है नियम...

रायपुर।

भारतीय रेलवे ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर देश के करोड़ों रेल यात्रियों को सुरक्षा की एक बड़ी सौगात दी है। अब तक केवल आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट या ऐप से ऑनलाइन ई-टिकट खरीदने वालों को मिलने वाला 'वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना' (OTIS) का लाभ अब रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटरों (PRS) से टिकट लेने वाले आम यात्रियों को भी मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा 6 अक्टूबर 2026 को जारी गाइडलाइंस के बाद रेलवे ने यह फैसला किया है, जो 27 अक्टूबर 2026 से पूरे देश में प्रभावी हो जाएगा। इसके तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर, बिलासपुर और नागपुर मंडलों के सभी रिजर्वेशन काउंटरों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

काउंटर पर बीमा एक्टिवेट कराने की 2 आसान शर्तें

स्टेशन की खिड़की से आरक्षित टिकट लेते समय रेलकर्मियों द्वारा यात्रियों से बीमा की सहमति मांगी जाएगी। इस सुरक्षा कवच को एक्टिव करने के लिए यात्रियों को दो स्टेप्स फॉलो करने होंगे:

• कैशलेस पेमेंट: टिकट काउंटर पर नकद (Cash) देने के बजाय यूपीआई (UPI), क्यूआर कोड स्कैन, क्रेडिट या डेबिट कार्ड जैसे डिजिटल मोड से भुगतान करना होगा।

• चालू मोबाइल नंबर: रिजर्वेशन फॉर्म में अपना सही और वैध मोबाइल नंबर लिखना होगा। इसी नंबर पर बीमा कंपनी सीधे पॉलिसी और क्लेम से जुड़े मैसेज भेजेगी।

सिर्फ 45 पैसे के प्रीमियम में क्या-क्या सुरक्षा मिलेगी?

17 फरवरी 2024 से तय नियमों के मुताबिक, प्रति यात्री इसका प्रीमियम महज 0.45 पैसे (टैक्स सहित) है। सफर के दौरान किसी भी रेल हादसे या आपात स्थिति में यह पॉलिसी निम्नलिखित वित्तीय सहायता देगी:

• मृत्यु होने पर: परिवार को ₹10 लाख का क्लेम।

• स्थायी पूर्ण दिव्यांगता: पीड़ित यात्री को ₹10 लाख की मदद।

• स्थायी आंशिक दिव्यांगता: ₹7.50 लाख की सहायता राशि।

• अस्पताल का खर्च: चोटिल होने पर इलाज के लिए ₹2 लाख तक का मेडिकल कवर।

• पार्थिव शरीर का परिवहन: अंतिम सफर के लिए ₹10,000 तक का अलग से प्रावधान।

किन यात्रियों को मिलेगा इस योजना का फायदा?

यह बीमा कवर उन सभी भारतीय नागरिकों के लिए मान्य होगा जिनका टिकट कन्फर्म, आरएसी (RAC) या आंशिक रूप से कन्फर्म श्रेणी में है। ध्यान रहे कि 5 साल से कम उम्र के वे बच्चे जिन्हें बिना बर्थ या सीट के यात्रा कराई जा रही है, वे इस दायरे से बाहर रहेंगे। यदि सफर के दौरान ट्रेन का रूट डायवर्ट होता है, 'विकल्प' स्कीम के तहत कोई दूसरी ट्रेन मिलती है या रेलवे किसी अन्य साधन से यात्रियों को गंतव्य तक भेजता है, तब भी यह इंश्योरेंस पॉलिसी पूरी तरह मान्य रहेगी।

क्लेम के लिए सीधे बीमा कंपनी से करना होगा संपर्क

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बीमा पॉलिसी जारी करने और किसी भी हादसे के बाद दावों (Claims) के सेटलमेंट की पूरी जवाबदेही अनुबंधित बीमा कंपनी की होगी। भारतीय रेलवे या IRCTC किसी भी क्लेम का निपटारा खुद नहीं करते हैं। यात्रियों या उनके परिजनों को पॉलिसी पेपर में दिए गए पते और नंबरों के जरिए सीधे बीमा कंपनी से संपर्क साधना होगा। इस पूरी नई व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी मंडलों के डीआरएम (DRM) और वाणिज्य विभाग के अफसर इसकी निगरानी करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ